MP Monsoon Session: मध्य प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र आज से शुरू। UCC विधेयक, अनुपूरक बजट और विपक्ष के कई बड़े मुद्दों पर होगी चर्चा।
मध्यप्रदेश। मध्य प्रदेश विधानसभा का पांच दिवसीय मानसून सत्र आज यानी सोमवार से शुरू हो रहा है। यह सत्र 24 जुलाई तक चलेगा और इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच कई अहम मुद्दों पर जोरदार बहस देखने को मिल सकती है।
सरकार जहां पहला अनुपूरक बजट पेश करने की तैयारी में है, वहीं समान नागरिक संहिता (UCC) विधेयक समेत कई अहम प्रस्ताव भी सदन में रखे जा सकते हैं।
सरकार के एजेंडे में क्या-क्या?
इस बार सरकार की नजर कई बड़े फैसलों पर रहेगी। सबसे पहले पहला अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा, ताकि विभिन्न विभागों के लिए अतिरिक्त वित्तीय प्रावधान किए जा सकें। इसके अलावा सबसे ज्यादा चर्चा UCC विधेयक को लेकर है। अगर यह विधेयक सदन में पेश होता है तो इस पर लंबी और गर्मागर्म बहस होने की पूरी संभावना है।
विपक्ष की भी पूरी तैयारी
मानसून सत्र में विपक्ष सरकार को घेरने का कोई मौका नहीं छोड़ना चाहता। कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने पहले से ही कई ऐसे मुद्दे तय कर लिए हैं, जिन पर सरकार से जवाब मांगा जाएगा।
इम मुद्दों पर होगी चर्चा
मानसून सत्र में समान नागरिक संहिता (UCC) सबसे बड़ा मुद्दा रहने की संभावना है। इसके अलावा विपक्ष उज्जैन जमीन खरीद मामला, केन-बेतवा परियोजना से प्रभावित परिवारों को मुआवजे में कथित गड़बड़ी, नीट-यूजी पेपर लीक, सीबीएसई परीक्षा से जुड़े विवाद, प्रदेश की कानून-व्यवस्था, किसानों की समस्याएं और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है। ऐसे में इन सभी मुद्दों पर सदन के भीतर जोरदार हंगामे और तीखी बहस देखने को मिल सकती है।
हजारों सवालों का देना होगा जवाब
इस बार विधानसभा सचिवालय को कुल 3,428 प्रश्न मिले हैं। इनमें 2,124 प्रश्न ऑनलाइन और 1,304 प्रश्न ऑफलाइन जमा किए गए हैं। इन सवालों के जरिए विधायक अलग-अलग विभागों के कामकाज, विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं को लेकर सरकार से जवाब मांगेंगे।




