Sidhi College Exam Center: सीधी के मझौली कॉलेज के छात्रों को परीक्षा देने 80 किमी दूर जाना पड़ रहा है। छात्राएं सुबह 4 बजे निकलने को मजबूर, परीक्षा केंद्र बदलने की मांग।
Sidhi College Exam Center: मझौली। सीधी के मझौली शासकीय महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं इन दिनों परीक्षा को लेकर काफी परेशान हैं। वजह है उनका परीक्षा केंद्र, जो मझौली से करीब 80 किलोमीटर दूर सीधी में बनाया गया है। ऐसे में विद्यार्थियों को रोजाना लंबा सफर तय करके परीक्षा देने जाना पड़ रहा है।
सबसे ज्यादा दिक्कत छात्राओं को हो रही है। सुबह 7 बजे शुरू होने वाली परीक्षा में समय पर पहुंचने के लिए उन्हें अंधेरे में ही सुबह करीब 4 बजे घर से निकलना पड़ रहा है। छात्रों का कहना है कि जब तक परीक्षाएं चलेंगी, उन्हें रोज इसी तरह जल्दी निकलना पड़ेगा।
छात्राओं ने बताया कि उन्हें सुबह-सुबह चुवाही गांव पहुंचकर बस का इंतजार करना पड़ता है। कई बार रास्ते सुनसान होते हैं, ऐसे में सुरक्षा को लेकर डर बना रहता है।
उनका कहना है कि अगर परीक्षा केंद्र मझौली में ही बना दिया जाए तो उन्हें इतनी परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। इससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी और छात्राओं को सुरक्षित माहौल भी मिलेगा।
बीए अंतिम वर्ष की छात्रा शिवांगी सिंह ने बताया कि करीब 300 विद्यार्थी रोजाना सीधी जाकर परीक्षा दे रहे हैं। मझौली और मड़वास क्षेत्र के कई छात्र इस परेशानी से गुजर रहे हैं।
विद्यार्थियों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या को कॉलेज प्रबंधन और अधिकारियों के सामने कई बार रखा, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ है।
एनएसयूआई के प्रदेश सचिव विक्रांत सिंह ने प्रशासन से मझौली में परीक्षा केंद्र बनाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि छात्रों को इतनी दूर भेजना परेशानी भरा है, खासकर छात्राओं के लिए यह सुरक्षा से जुड़ा मामला है।
अब छात्र प्रशासन से उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही उनकी समस्या का समाधान किया जाएगा और मझौली में ही परीक्षा केंद्र की व्यवस्था की जाएगी।




