Rewa Alcohol Smuggling: रीवा में पुलिस ने कोल्ड्रिंक और पानी की बोतलों की आड़ में चल रहे अवैध शराब कारोबार का खुलासा किया। दुकान से 24 लीटर शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
Rewa Alcohol Smuggling: रीवा। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी कोल्ड्रिंक और पानी की दुकान की आड़ में अवैध रूप से शराब बेच रहा था। पुलिस ने मौके से करीब 24 लीटर अवैध शराब बरामद की है।
मामला विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र का है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बायपास स्थित पेट्रोल पंप के पास एक दुकान में अवैध शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दुकान की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान दुकान से शराब की बोतलें बरामद हुईं। पुलिस ने मौके से दुकान संचालक विनोद मिश्रा (37) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महमूदपुर, मनगवां का रहने वाला है और फिलहाल कैलाशपुरी में रह रहा था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी कोल्ड्रिंक और पानी की बोतलों की आड़ में शराब बेचने का काम कर रहा था। उसके खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को अवैध शराब कहां से मिल रही थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।




