Rewa Indore Train Stoppage Demand: रीवा-इंदौर एक्सप्रेस के निशातपुरा स्टॉपेज की मांग तेज, डिप्टी CM राजेंद्र शुक्ल ने रेलवे GM को लिखा पत्र। विंध्य के यात्रियों को मिल सकती है राहत।
Rewa Indore Train Stoppage Demand: रीवा। विंध्य क्षेत्र के हजारों रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आ सकती है। मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने रीवा-इंदौर एक्सप्रेस ट्रैन की भोपाल में स्थित निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर ठहराव की मांग उठाई है।
इसको लेकर उन्होंने पश्चिम मध्य रेलवे, जबलपुर के महाप्रबंधक को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने ट्रेन नंबर 11703 रीवा-इंदौर एक्सप्रेस और 11704 इंदौर-रीवा एक्सप्रेस का नियमित स्टॉपेज निशातपुरा स्टेशन पर शुरू करने की मांग की है।
डिप्टी CM राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली समेत विंध्य क्षेत्र के हजारों लोग रोजाना भोपाल आते-जाते हैं। लोग यहां पढ़ाई, नौकरी, इलाज, व्यापार और सरकारी कामों के लिए पहुंचते हैं।
उन्होंने बताया कि भोपाल आने वाली ट्रेनों में रेवांचल एक्सप्रेस पर यात्रियों का सबसे ज्यादा दबाव रहता है। लंबी वेटिंग के कारण कई यात्रियों को रीवा-इंदौर एक्सप्रेस से सफर करना पड़ता है। ऐसे में अगर इस ट्रेन का निशातपुरा स्टेशन पर स्टॉपेज मिल जाता है तो यात्रियों को काफी सुविधा होगी।
राजेंद्र शुक्ल ने अपने पत्र में कहा कि निशातपुरा रेलवे स्टेशन के विकसित होने के बाद यहां से कई ट्रेनों का संचालन और ठहराव शुरू हुआ है। यह स्टेशन भोपाल के उत्तर और पश्चिमी हिस्सों के यात्रियों के लिए सुविधाजनक साबित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि निशातपुरा में ट्रेन रुकने से यात्रियों को भोपाल जंक्शन तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे उनका समय और अतिरिक्त खर्च दोनों बचेंगे। साथ ही भोपाल जंक्शन पर यात्रियों का दबाव भी कम होगा।
डिप्टी CM ने इस मांग को यात्रियों के हित से जुड़ा बताते हुए रेलवे प्रशासन से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया है।
फिलहाल रेलवे की ओर से इस प्रस्ताव पर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है, लेकिन विंध्य क्षेत्र के यात्रियों को उम्मीद है कि निशातपुरा स्टॉपेज मिलने से उनकी लंबे समय से चली आ रही परेशानी दूर हो जाएगी।





