Rewa crime News: रेवा में बिछिया थाना क्षेत्र के कुठुलिया मोहल्ले में व्यक्ति के शव को 20 दिन बाद कब्र से बाहर निकला। पत्नी पर हत्या का शक।
Rewa crime News: रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां 42 साल के एक शख्स की मौत के करीब 20 दिन बाद उसकी कब्र खोदकर शव बाहर निकाला गया। परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही साफ होगा कि मौत सामान्य थी या इसके पीछे कोई साजिश थी।
मामला बिछिया थाना क्षेत्र के कुठुलिया मोहल्ले का है। यहां रहने वाले मोहम्मद लुकमान की 9 और 10 जुलाई की रात अचानक मौत हो गई थी। उस समय परिवार ने इसे सामान्य मौत मानते हुए बिना पोस्टमार्टम कराए शव को पैतृक गांव बैकुण्ठपुर के कब्रिस्तान में दफना दिया था।
करीब 20 दिन बाद परिवार का रुख बदल गया। मृतक के भाई मोहम्मद दाऊद ने पुलिस से शिकायत करते हुए कहा कि उनके भाई की मौत सामान्य नहीं थी। उन्होंने मृतक की पत्नी पर भी शक जताया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने और एसडीएम से अनुमति मिलने के बाद गुरुवार को प्रशासन, पुलिस और डॉक्टरों की टीम की मौजूदगी में बैकुण्ठपुर कब्रिस्तान से शव बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी अस्पताल भेज दिया गया।
फिलहाल पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ होगा कि मोहम्मद लुकमान की मौत प्राकृतिक थी या इसके पीछे कोई आपराधिक मामला है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




