REWA HOSTEL SCAM: रीवा के छात्रावास घोटाला मामले में मऊगंज के एडीएम पीके पांडे की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कलेक्टर ने उनके खिलाफ कार्रवाई का प्रस्ताव कमिश्नर को भेज दिया है।
REWA HOSTEL SCAM: मध्यप्रदेश। रीवा के बहुचर्चित छात्रावास घोटाला मामले में अब मऊगंज के एडीएम पीके पांडे की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। जांच में उनकी भूमिका पर सवाल उठने के बाद रीवा कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने उनके खिलाफ कार्रवाई का प्रस्ताव कमिश्नर को भेज दिया है। इसके बाद लंबे समय से चर्चा में रहे इस मामले ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है।
यह मामला छात्रावासों की मरम्मत और सामान की खरीद में गड़बड़ियों से जुड़ा है। शिकायतकर्ता कमल सिंह बघेल का आरोप है कि कई छात्रावासों में मरम्मत का काम किए बिना ही लाखों रुपये का भुगतान कर दिया गया। इसके अलावा बिजली फिटिंग, पंखे और अन्य सामग्री की खरीद में भी अनियमितताओं के आरोप लगे हैं।
मामले की जांच के दौरान कई गड़बड़ियां सामने आने के बाद आदिम जाति कल्याण विभाग के बाबू विकास तिवारी को पहले ही निलंबित किया जा चुका है। जांच में मिले दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है।
बताया जा रहा है कि जिन दिनों ये अनियमितताएं हुईं, उस समय पीके पांडे आदिम जाति कल्याण विभाग में जिला संयोजक का प्रभार संभाल रहे थे। जांच के दौरान उन्हें कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया था, लेकिन अधिकारियों के मुताबिक उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया।
रीवा कलेक्टर ने पूरे मामले की समीक्षा करने के बाद पीके पांडे के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई का प्रस्ताव कमिश्नर को भेज दिया है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि प्रशासन इस मामले में आगे क्या फैसला लेता है।




