Rewa Suicide Case: मऊगंज में 21 वर्षीय युवती की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने प्रेमी पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Rewa Suicide Case: रीवा। मऊगंज से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे देख हर कोई हैरान है। जहां एक 21 वर्षीय युवती की मौत के बाद परिजनों ने उसके प्रेमी पर मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया है। युवती ने कथित तौर पर तनाव में आकर जहरीला पदार्थ खा लिया था। इलाज के दौरान रीवा के संजय गांधी अस्पताल में शनिवार को उसकी मौत हो गई।
मृतका की पहचान 21 वर्षिय लक्ष्मी कुशवाहा के रूप में हुई है जो ग्राम खुजुआ की रहने वाली है। परिजनों के मुताबिक लक्ष्मी का प्रेम संबंध 24 वर्षिय अमर कुशवाहा उर्फ छोटू से था, जो ग्राम गोदरी निवासी था। दोनों के बीच रिश्तेदारी भी बताई जा रही है।
परिजनों के अनुसार, 25 जुलाई को लक्ष्मी ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। हालत बिगड़ने के बाद उसे पहले स्थानीय स्तर पर इलाज कराया गया, लेकिन स्थिति गंभीर होने पर उसे रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया। यहां डॉक्टरों ने करीब आठ दिन तक उसका इलाज किया, लेकिन शनिवार को उसकी मौत हो गई।
युवती के पिता इतराज कुशवाहा ने आरोप लगाया है कि अमर कुशवाहा लगातार उनकी बेटी पर मानसिक दबाव बना रहा था। उनका कहना है कि इसी परेशानी के चलते लक्ष्मी ने यह कदम उठाया। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
युवती की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची और जरूरी कार्रवाई पूरी की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मऊगंज पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के आरोपों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




