Rewa viral video: सीधी में एक वर्दीधारी आरक्षक का कथित रूप से नशे की हालत में सड़क पर लड़खड़ाने का वीडियो वायरल हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
Rewa viral video: रीवा। मध्यप्रदेश में इन दिनों पुलिस द्वारा 'नशे से दूरी अभियान 2.0' चलाया जा रहा है, लेकिन हैरानी की बात तो यह है कि ऐसे समय में आरक्षक खुद नशे में धुत नजर आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला रीवा सम्राट चौक से सामने आया है। जहां एक वर्दीधारी आरक्षक का नशे की हालत में सड़क पर लड़खड़ाने का वीडियो वायरल हो रहा है।
आपको बता दें कि यह कोई पहला मामला नहीं है, बल्कि हालही में एक दूसरे आरक्षक का वीडियो भी खूब वायरल हुआ था जो रीवा के ही अहमिया थाना का था। वीडियो में आरक्षक नशे की हालत में हिलता-ढुलता नजर आ रहा था।
वायरल वीडियो में आरक्षक की वर्दी पर लगी नेम प्लेट पर आरक्षक 235 राम प्रसाद रावत लिखा दिखाई दे रहा है। हालांकि, यह दावा किया जा रहा है कि संबंधित आरक्षक सीधी जिले के बाहर पदस्थ है। फिलहाल पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि आरक्षक न सिर्फ लड़खड़ा रहा था, बल्कि राह चलते लोगों से अभद्र भाषा में बात भी कर रहा था। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। यह भी साफ नहीं है कि घटना के समय आरक्षक ड्यूटी पर था या छुट्टी पर।
यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब मध्य प्रदेश पुलिस प्रदेशभर में लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दे रही है। ऐसे में वर्दीधारी पुलिसकर्मी का कथित तौर पर नशे की हालत में सार्वजनिक जगह पर दिखना विभाग की छवि पर सवाल खड़े कर रहा है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है। फिलहाल संबंधित आरक्षक की पहचान और उसकी पदस्थापना की जानकारी जुटाई जा रही है। अगर जांच में वीडियो सही पाया जाता है, तो नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।




