Sidhi Wall Collapse: सीधी के रामपुर नैकिन कोर्ट परिसर में जर्जर दीवार गिरने से दो लोगों की मौत, दो गंभीर घायल। तेज बारिश के बीच हुआ हादसा।
Sidhi Wall Collapse: सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी में सोमवार शाम बड़ा हादसा हो गया। रामपुर नैकिन न्यायालय परिसर में तेज बारिश के दौरान एक जर्जर दीवार अचानक ढह गई।
हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बारिश से बचने के लिए दीवार के पास खड़े थे लोग
बताया जा रहा है कि सोमवार शाम करीब 4 बजे अचानक तेज बारिश हुई। बारिश से बचने के लिए कुछ लोग कोर्ट परिसर में एक पुराने भवन की दीवार के पास खड़े हो गए। तभी जर्जर दीवार भरभराकर गिर गई और चार लोग मलबे के नीचे दब गए।
दो की मौत, दो घायल
हादसे में सुखसेन केवट और साझाही साहू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रामसजीवन साहू और राजेश केवट गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
मौके पर पहुंचा प्रशासन, रेस्क्यू जारी
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम, तहसीलदार और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया। आशंका जताई जा रही है कि मलबे में अन्य लोग भी दबे हो सकते हैं, इसलिए देर शाम तक रेस्क्यू अभियान जारी रहा।
प्रशासन के मुताबिक शुरुआती जांच में लगातार हो रही बारिश और भवन की जर्जर स्थिति को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।




