Loading...
Loading...
CONGRESS POLITICIAN MURDERED: रीवा में कांग्रेस नेता अमित कोल की सिगरेट लेने के दौरान चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी बाइक छोड़कर फरार हो गए, पुलिस CCTV के आधार पर जांच कर रही है।
CONGRESS POLITICIAN MURDERED: रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा में कांग्रेस के अनुसूचित जनजाति (एसटी) प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अमित कोल की मंगलवार रात सरेराह चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात सिविल लाइन थाना क्षेत्र के शांति विहार स्थित HDFC बैंक के पास हुई। बताया जा रहा है कि अमित कोल रात करीब 10 बजे सिगरेट लेने दुकान पर पहुंचे थे, तभी दो बाइकों पर आए तीन बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल अमित कोल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन ज्यादा खून बह जाने के कारण डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
बिना किसी विवाद के किया हमला
लोगों के मुताबिक हमलावरों ने अमित कोल से कोई बहस या विवाद नहीं किया। उन्होंने आते ही सीधे उन पर चाकू से हमला शुरू कर दिया। लगातार वार होने से अमित को संभलने का मौका नहीं मिला और वे सड़क पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े।
लोगों ने दौड़ाया तो बाइक छोड़कर भागे
हमले के बाद आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की। भीड़ बढ़ती देख तीनों बदमाश अपनी दोनों मोटरसाइकिलें मौके पर ही छोड़कर पैदल फरार हो गए। पुलिस ने दोनों बाइक जब्त कर ली हैं और उनके रजिस्ट्रेशन के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
CCTV और फोरेंसिक जांच के सहारे पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरुकरण सिंह समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और दुकानदारों व प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ कर रही है। मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है।
हर एंगल से जांच
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश, राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता और निजी विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं और जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।
कांग्रेस और आदिवासी समाज में नाराजगी
अमित कोल की हत्या की खबर फैलते ही कांग्रेस कार्यकर्ता और आदिवासी समाज के लोग बड़ी संख्या में अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंच गए। समर्थकों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की और शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए।
पिता के रिटायरमेंट से तीन दिन पहले टूटा परिवार
अमित कोल के पिता मध्य प्रदेश पुलिस में पदस्थ हैं और वर्तमान में अनूपपुर जिले के राजेंद्रग्राम थाना प्रभारी हैं। उनका 31 जुलाई को रिटायरमेंट होना है। रिटायरमेंट से महज तीन दिन पहले बेटे की हत्या से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
राजनीति में भी थे सक्रिय
अमित कोल रीवा कांग्रेस के सक्रिय नेताओं में गिने जाते थे। वे कांग्रेस के एसटी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष थे और वार्ड क्रमांक-4 से पार्षद का चुनाव भी लड़ चुके थे। इलाके में उनकी अच्छी पहचान थी और वे सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहते थे।
CONGRESS POLITICIAN MURDERED: रीवा में कांग्रेस नेता अमित कोल की सिगरेट लेने के दौरान चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी बाइक छोड़कर फरार हो गए, पुलिस CCTV के आधार पर जांच कर रही है।
MP KISAN PROTEST: भोपाल में किसान आंदोलन के बीच सरकार एक्टिव हो गई है। किसानों से बातचीत के लिए कमेटी बनाई गई है और मूंग उपार्जन सीमा बढ़ाने को लेकर शिवराज सिंह चौहान से भी अनुरोध किया गया है।
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है।
पहली टिप्पणी करने वाले बनें!
हर बड़ी ख़बर, ब्रेकिंग न्यूज़ और लेटेस्ट अपडेट्स सीधे अपने इंस्टाग्राम पर पाएं।
Join Now