सिंगरौली में हाइवा और बल्कर की टक्कर में 28 वर्षीय चालक की मौत हो गई। बल्कर चालक गंभीर घायल है और अस्पताल में भर्ती है।


सिंगरौली जिले में शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में हाइवा चालक की जान चली गई। परसौना-रजमिलान मार्ग पर कुल्हुई के पास हाइवा और बल्कर की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में हाइवा चालक दिनेश पाल (28) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बल्कर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि हाइवा का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। उसे बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
केबिन में दब गया था चालक
माड़ा थाना प्रभारी शिवपूजन मिश्रा के मुताबिक, हादसा कुल्हुई के पास हुआ। रखड़ से लोड हाइवा को बैढ़न के हरैया निवासी दिनेश पाल चला रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे बल्कर से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद दिनेश केबिन में दब गया। काफी प्रयास के बाद उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
बल्कर चालक की हालत गंभीर
हादसे में बल्कर चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। वह रीवा जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही माड़ा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी।
सड़क पर लगा जाम, वाहनों को हटवाया
दुर्घटना के बाद परसौना-रजमिलान मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सड़क पर दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हालत में खड़े होने से जाम लग गया। पुलिस ने वाहनों को सड़क किनारे हटवाया, जिसके बाद आवागमन दोबारा शुरू हो सका।
तेज रफ्तार को हादसे की वजह मान रही पुलिस
थाना प्रभारी शिवपूजन मिश्रा ने बताया कि शुरुआती जांच में वाहनों की तेज रफ्तार हादसे की संभावित वजह मानी जा रही है। हालांकि, दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।



-1.jpg&w=3840&q=75)




