सीधी के बघऊ गांव में वन शक्ति माता मंदिर के पास बना कुआं अपने स्थिर जलस्तर और ठंडे पानी के लिए प्रसिद्ध है।


मध्यप्रदेश के सीधी जिले में जंगल के बीच पहाड़ी पर बना एक कुआं लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों का दावा है कि इस कुएं का पानी न तेज बारिश में बढ़ता है और न ही भीषण गर्मी में कम होता है। इतना ही नहीं, गर्मियों में भी इसका पानी बेहद ठंडा और मीठा रहता है। यही वजह है कि आसपास के गांवों के अलावा दूर-दराज से भी लोग यहां पानी पीने और इस अनोखे कुएं को देखने पहुंचते हैं। स्थानीय लोग इसे वन शक्ति माता की कृपा मानते हैं।
वन शक्ति माता के मंदिर के पास बना है कुआं
यह कुआं सीधी जिले के ग्राम बघऊ में वन शक्ति माता के मंदिर के पास स्थित है। जंगल के बीच पहाड़ी पर बने इस मंदिर और कुएं को लेकर लोगों की गहरी आस्था है। श्रद्धालुओं का मानना है कि माता की महिमा के कारण ही कुएं का पानी हर मौसम में एक जैसा बना रहता है। मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले कई लोग यहां का पानी भी जरूर पीते हैं।
बारिश में भी नहीं बढ़ता जलस्तर
स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह कुआं करीब 6 फीट गहरा है। इसकी सबसे खास बात पानी का स्थिर स्तर है। लोगों का कहना है कि चाहे कितनी भी तेज बारिश हो जाए, कुएं का पानी ऊपर तक नहीं भरता। वहीं गर्मी के मौसम में भी इसका जलस्तर कम नहीं होता। यही वजह है कि लंबे समय से यह कुआं लोगों के लिए कौतूहल का विषय बना हुआ है।
गर्मी में भी रहता है बेहद ठंडा पानी
इस कुएं के पानी को लेकर एक और खास बात बताई जाती है। स्थानीय लोगों के अनुसार, भीषण गर्मी में भी इसका पानी बेहद ठंडा रहता है। पहाड़ी पर चट्टानों के बीच बने इस कुएं का पानी पीने में मीठा भी लगता है। दूर से आने वाले लोग यहां पानी पीते हैं और इसकी खासियत के बारे में जानकारी लेते हैं।
आस्था के साथ प्रकृति का खूबसूरत नजारा
जंगल की शांति, पहाड़ी का प्राकृतिक वातावरण और वन शक्ति माता का मंदिर इस जगह को खास बनाते हैं। स्थानीय लोगों के लिए यह केवल पानी का स्रोत नहीं, बल्कि आस्था का केंद्र भी है। हालांकि, कुएं के जलस्तर और पानी के तापमान के पीछे का वैज्ञानिक कारण सामने नहीं आया है। फिलहाल इसकी खासियत को लेकर लोगों की मान्यताएं और अनुभव ही चर्चा में हैं।



-1.jpg&w=3840&q=75)




