सतना के खैरमाई रोड पर रेग्जीन की दुकान में भीषण आग लग गई। 25 दमकलों से प्रयास के बावजूद आग पर काबू नहीं पाया गया। करीब 85 लाख के नुकसान की आशंका है।

सतना के खैरमाई रोड पर रेग्जीन की एक दुकान में भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दुकान तीसरी मंजिल पर थी और आग फैलते हुए नीचे भूतल तक पहुंच गई। सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब 25 दमकलों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन खबर लिखे जाने तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका था।
तीसरी मंजिल से भूतल तक फैली आग
यह घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के खैरमाई रोड की है। रेग्जीन की दुकान में अचानक आग लगने के बाद धुएं का गुबार और लपटें उठने लगीं। दुकान से आग नीचे की मंजिलों तक फैल गई। आसपास के लोगों ने तत्काल दमकल और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया।
25 दमकलों से भी आग पर काबू पाने की कोशिश
आग बुझाने के लिए अब तक 25 दमकलों की मदद ली जा चुकी है। लगातार पानी का छिड़काव किया जा रहा है, लेकिन आग की तीव्रता के कारण राहत कार्य में मुश्किल आ रही है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, आगजनी में करीब 85 लाख रुपए के माल के नुकसान की आशंका है। दुकान मुकेश खेलवानी की बताई जा रही है।
प्रशासन और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलने पर सिटी एसडीएम राहुल सिलाडिया, नगर निगम महापौर योगेश ताम्रकार और निगम कमिश्नर नागार्जुन बी. गौड़ा सहित कई अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। सभी की निगरानी में आग बुझाने का काम जारी है।
फायर सुरक्षा इंतजामों की भी होगी जांच
जानकारी के अनुसार, दुकान में आग से बचाव के लिए जरूरी फायर सुरक्षा इंतजाम नहीं थे। नगर निगम कमिश्नर नागार्जुन बी. गौड़ा ने बताया कि फिलहाल आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के सभी पहलुओं की जांच कराई जाएगी। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



-1.jpg&w=3840&q=75)




