रीवा के बभनगवां में करवाचौथ की रात पति से विवाद के बाद नीलू साकेत ने जहरीला पदार्थ पी लिया। गंभीर हालत में उनका एसजीएमएच के आईसीयू में इलाज चल रहा है।

रीवा के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में करवाचौथ की रात पति से विवाद के बाद एक महिला ने जहरीला पदार्थ पी लिया। महिला की पहचान नीलू साकेत के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, नीलू ने दिनभर पति की लंबी उम्र के लिए निर्जला व्रत रखा था। रात में पति मनोज साकेत शराब पीकर घर पहुंचा, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इस दौरान पति ने उसके साथ मारपीट भी की। इसके बाद नीलू ने घर में रखी महावर और चूहा मारने की दवा घोलकर पी ली।
शराब पीकर घर आने पर हुआ विवाद
घटना ग्राम बभनगवां की है। परिजनों के अनुसार, करवाचौथ का व्रत रखने के बाद नीलू रात में पति के घर लौटने का इंतजार कर रही थी। आरोप है कि मनोज शराब के नशे में घर आया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर मनोज ने पत्नी के साथ मारपीट की। इसके बाद नीलू ने जहरीला मिश्रण पी लिया।
परिजन बोले- व्रत रखने के बाद भी हुआ विवाद
वीरेंद्र साकेत ने बताया कि उसका भाई मनोज करवाचौथ के दिन भी शराब पीकर घर आया था। इसी बात को लेकर उसकी भाभी नाराज थी। वहीं, प्रदीप साकेत ने बताया कि उसकी बहन ने पति की लंबी उम्र के लिए पूरे दिन व्रत रखा था। रात में पति के शराब पीकर आने और मारपीट करने से वह आहत हो गई।
एसजीएमएच के आईसीयू में चल रहा इलाज
जहरीला पदार्थ पीने के बाद नीलू की हालत बिगड़ने लगी। परिजन उसे संजय गांधी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए आईसीयू में भर्ती किया है। फिलहाल उसका इलाज जारी है और हालत गंभीर बताई जा रही है।



-1.jpg&w=3840&q=75)




