मऊगंज के खड़ुईघाट पुल पर ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। एक युवक की हालत गंभीर है, जबकि चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया।

मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। हादसा कागस नदी के खड़ुईघाट पुल पर हुआ, जहां पीछे से आ रहे एक ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों युवक उछलकर सड़क पर गिर पड़े। इनमें रज्जन साकेत की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
बाजार से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, ग्राम डाभी के रहने वाले तीनों युवक बाइक से बाजार गए थे। सोमवार दोपहर वे घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रैक्टर चालक ने बाइक को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान ट्रैक्टर बाइक से टकरा गया और तीनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
तीनों घायलों की हुई पहचान
हादसे में घायल युवकों की पहचान मनीष साकेत (27), पिता जगजीवन लाल साकेत, विक्रम साकेत (18), पिता भाईलाल साकेत और रज्जन साकेत (22), पिता स्वयंवर साकेत के रूप में हुई है। तीनों ग्राम डाभी के निवासी हैं। रज्जन के चेहरे और पैर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि मनीष और विक्रम भी घायल हुए हैं।
ऑटो से अस्पताल पहुंचाए गए घायल
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने मदद करते हुए तीनों युवकों को पास से गुजर रहे एक ऑटो की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी पहुंचाया। यहां उनका उपचार जारी है। वहीं, ट्रैक्टर चालक के फरार होने के बाद हादसे को लेकर आगे की कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।



-1.jpg&w=3840&q=75)




