मैहर के रामनगर क्षेत्र में बड़े भाई की मौत के मामले में छोटे भाई को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान कुल्हाड़ी से हमला किया गया था।

मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र में बड़े भाई की हत्या के मामले में पुलिस ने छोटे भाई को गिरफ्तार किया है। आरोपी रामकिनकर सोंधिया (46) पर पारिवारिक विवाद के दौरान अपने बड़े भाई रामायण सोंधिया (60) और परिवार के अन्य सदस्यों पर कुल्हाड़ी से हमला करने का आरोप है। गंभीर रूप से घायल रामायण की 25 अक्टूबर को रीवा में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पता बताने को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, घटना 22 अक्टूबर को हिनौती बरगाही टोला में हुई थी। दोनों भाइयों के परिवारों के बीच एक फाइनेंस एजेंट के सामने पता बताए जाने को लेकर विवाद हुआ था। बताया गया कि इस बात से रामकिनकर नाराज हो गया और कहासुनी बढ़ने पर मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान वह घर से कुल्हाड़ी निकाल लाया और सिया पर हमला कर दिया।
बीच-बचाव करने पहुंचे भाई और भतीजे
सिया की चीख-पुकार सुनकर रामायण सोंधिया और उनका भतीजा अंकित सोंधिया बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि रामकिनकर ने उन पर भी कुल्हाड़ी से वार कर दिए। इस घटना में तीनों घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
रीवा में इलाज के दौरान बड़े भाई की मौत
रामायण सोंधिया को पहले रामनगर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर उन्हें संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय, रीवा रेफर किया गया। वहां 25 अक्टूबर को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) बढ़ाई।
पुलिस ने गिरफ्तार कर आरोपी को जेल भेजा
रामनगर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस ने रामकिनकर सोंधिया, पिता बाबूलाल सोंधिया, निवासी हिनौती बरगाही टोला को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान मारपीट में इस्तेमाल किया गया बांस का डंडा भी जब्त किया गया है। जरूरी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।



-1.jpg&w=3840&q=75)




