मैहर और अमरपाटन में दशहरे पर दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। अमरपाटन में 34 प्रतिमाओं को विदाई दी गई, जबकि मैहर में झांकियों के साथ जुलूस निकला।

मैहर और अमरपाटन में बुधवार को दशहरे के मौके पर दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। विसर्जन से पहले माता रानी की प्रतिमाओं का नगर भ्रमण निकाला गया। ढोल-नगाड़ों, डीजे और आकर्षक झांकियों के बीच निकले जुलूस में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने प्रतिमाओं के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। जयकारों के बीच भक्तों ने मां दुर्गा को विदाई दी और अगले साल फिर आने की कामना की।
अमरपाटन में 34 प्रतिमाओं का विसर्जन
अमरपाटन में बुधवार दोपहर बाद दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला शुरू हुआ, जो देर रात तक चलता रहा। प्रतिमाओं का जुलूस सतना चौराहे पहुंचा तो दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुट गए। यहां भक्तों ने पूजा-अर्चना की और माता रानी के जयकारे लगाए।
नगर भ्रमण पूरा होने के बाद सभी प्रतिमाओं को विधि-विधान के साथ विसर्जन के लिए किरहाई बंधा स्थित निर्धारित स्थल पर ले जाया गया। यहां कुल 34 दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।
मैहर में झांकियों के साथ निकला जुलूस
मैहर में वीसी बाल दुर्गा उत्सव समिति, गल्ला मंडी की ओर से दुर्गा प्रतिमा का नगर भ्रमण कराया गया। जुलूस में आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। रास्ते में श्रद्धालु माता रानी के दर्शन के लिए खड़े रहे। ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के बीच पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा।
नगर भ्रमण के दौरान लोगों ने माता रानी के जयकारे लगाए। इसके बाद प्रतिमा को विसर्जन के लिए ले जाया गया। भक्तों ने नम आंखों से मां दुर्गा को विदाई दी।
पुलिस की निगरानी में निकले जुलूस
विसर्जन कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया था। मैहर में थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार सहित पुलिस टीम ने व्यवस्था पर नजर रखी।
पुलिस और प्रशासन की निगरानी में जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से निकाले गए और विसर्जन कार्यक्रम संपन्न हुआ।



-1.jpg&w=3840&q=75)




