Singrauli News: सिंगरौली के दुधमनियां गांव में बारिश से सड़क दलदल बन गई। खराब रास्ते के कारण 16 वर्षीय किशोर के शव को परिजनों ने खाट पर रखकर आधा किलोमीटर पैदल ले जाकर अंतिम संस्कार किया।
Singrauli News: सिंगरौली। जिले के ग्राम दुधमनियां की यह तस्वीरें इन दिनों काफी चर्चा में है, जो ग्रामीण इलाकों के विकास के दावों पर एक सवालिया निशान खड़ा करती है। यहां बारिश के बाद सड़क की हालत इतनी खराब हो गई कि एक परिवार को अपने 16 वर्षीय बेटे के शव को अंतिम संस्कार के लिए खाट पर रखकर करीब आधा किलोमीटर तक पैदल ले जाना पड़ा।
यह मामला सरई थाना क्षेत्र के दुधमनियां गांव का है। गांव में रहने वाले 16 वर्षीय सुनील सिंह की मौत के बाद परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, लेकिन गांव तक जाने वाली सड़क बारिश के कारण पूरी तरह कीचड़ और दलदल में बदल चुकी थी। खराब रास्ते की वजह से कोई भी वाहन गांव तक नहीं पहुंच सका।
मजबूरी में परिजनों और ग्रामीणों ने सुनील के शव को खाट पर रखा और कंधों पर उठाकर करीब आधा किलोमीटर दूर मुख्य सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद ही शव को अंतिम संस्कार के लिए आगे ले जाया जा सका।
ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। हर साल बारिश शुरू होते ही गांव का संपर्क मार्ग कीचड़ से भर जाता है। इससे मरीजों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अब तो अंतिम यात्रा भी सड़क की बदहाली की वजह से प्रभावित होने लगी है।
इस घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है। उनका कहना है कि विकास के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन आज भी गांव तक पहुंचने के लिए पक्की सड़क नहीं है। लोगों ने दुधमनियां गांव तक जल्द से जल्द सड़क निर्माण और जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।
घटना सामने आने के बाद स्थानीय प्रशासन ने मामले में संज्ञान लेने और जांच कराने की बात कही है। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें अब सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि जमीन पर काम चाहिए, ताकि भविष्य में किसी भी परिवार को ऐसी पीड़ा का सामना न करना पड़े।




