Singrauli District Hospital: सिंगरौली जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टर की जगह सिक्योरिटी गार्ड द्वारा मरीज की ब्लड शुगर जांच का वीडियो वायरल। मामले में नर्स, गार्ड को नोटिस और डॉक्टर की भूमिका की जांच के आदेश।
Singrauli District Hospital: सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिला अस्पताल से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां ट्रॉमा सेंटर के इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टर या नर्स की बजाय एक सिक्योरिटी गार्ड मरीज का ब्लड शुगर चेक करता नजर आ रहा है।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और अस्पताल की व्यवस्थाओं पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है।
जानकारी के मुताबिक यह मामला गुरुवार रात करीब 12 बजे का है। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि सिक्योरिटी गार्ड ग्लूकोमीटर से मरीज का ब्लड शुगर चेक कर रहा है। हैरानी की बात यह है कि उसी दौरान वार्ड में नर्स और अन्य मेडिकल स्टाफ भी मौजूद थे।
जिले के सबसे बड़े ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों और नर्सों की मौजूदगी के बावजूद मरीज की जांच सिक्योरिटी गार्ड से कराए जाने पर अस्पताल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी लोग इस वीडियो को लेकर अस्पताल प्रबंधन की आलोचना कर रहे हैं।
मामला सामने आने के बाद जिला अस्पताल की सिविल सर्जन डॉ. कल्पना रवि ने जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार मरीज के कहने पर गार्ड ने ब्लड शुगर चेक किया था। हालांकि, यह मामला गंभीर है, इसलिए वीडियो में नजर आ रहे सिक्योरिटी गार्ड और ड्यूटी पर मौजूद नर्स को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
सिविल सर्जन ने कहा कि उस समय ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर की भूमिका की भी जांच की जाएगी। यदि जांच में किसी तरह की लापरवाही सामने आती है तो डॉक्टर के खिलाफ भी नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद एक बार फिर सरकारी अस्पतालों की व्यवस्थाओं और मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं।




