Mauganj Collector: मऊगंज के गोरेलाल सेन पांच साल तक आधार कार्ड की जेंडर संबंधी गलती से परेशान रहे। कलेक्टर संजय कुमार जैन के हस्तक्षेप के बाद उनकी समस्या महज 10 मिनट में दूर हो गई।
Mauganj Collector: मऊगंज। सरकारी दस्तावेजों में हुई एक छोटी सी गलती किसी की जिंदगी कितनी मुश्किल बना सकती है, इसका जीता-जगता उदाहरण मऊगंज में देखने को मिला। यहां के ग्राम बिछरहटा निवासी गोरेलाल सेन पिछले पांच साल से आधार कार्ड में हुई एक गलती के कारण दफ्तर-दफ्तर भटक रहे थे। लेकिन जब उनकी बात कलेक्टर तक पहुंची, तो सिर्फ 10 मिनट में उनकी समस्या का समाधान हो गया।
गोरेलाल सेन के आधार कार्ड में जेंडर की जानकारी गलत दर्ज थी। पुरुष होने के बावजूद उनके आधार में महिला लिखा हुआ था। इस वजह से उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ लेने से लेकर दूसरे जरूरी कामों में भी बार-बार दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कई बार आवेदन किए, दस्तावेज जमा किए और कई सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाए, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला।
लगातार पांच साल तक परेशान रहने के बाद गोरेलाल अपनी शिकायत लेकर मऊगंज कलेक्टर संजय कुमार जैन के पास पहुंचे। कलेक्टर ने उनकी पूरी बात ध्यान से सुनी और तुरंत ई-गवर्नेंस प्रबंधक धीरज प्रताप सिंह को बुलाकर मामले का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर के निर्देश मिलते ही ई-गवर्नेंस टीम हरकत में आई। जरूरी दस्तावेजों का सत्यापन किया गया और महज 10 मिनट के भीतर आधार कार्ड में दर्ज जेंडर की गलती सुधार दी गई। जिस काम के लिए गोरेलाल पांच साल तक भटकते रहे, वह कुछ ही मिनटों में पूरा हो गया।
समस्या का समाधान होने के बाद गोरेलाल सेन भावुक हो गए। उन्होंने कहा मैं पांच साल से इस गलती को ठीक कराने की कोशिश कर रहा था, लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हुई। आज कलेक्टर साहब से मिलने के कुछ ही मिनटों में मेरा काम हो गया। मैं जिला प्रशासन का दिल से आभारी हूं।
कलेक्टर संजय कुमार जैन ने कहा कि जिला प्रशासन का मकसद सिर्फ दफ्तर चलाना नहीं, बल्कि लोगों की समस्याओं का समय पर और पारदर्शी तरीके से समाधान करना भी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि हर शिकायत को गंभीरता से लें और बिना बेवजह देरी किए उसका निराकरण करें।




