पुलिस के मुताबिक जब्त दवाओं और वाहन की कुल कीमत करीब 1 लाख 3 हजार रुपए आंकी गई है।
मध्यप्रदेश। रीवा की सेमरिया पुलिस ने अवैध नशीली दवाओं की बिक्री करने वाले गिरोह भांडा फोड़ दिया है। तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, उनके पास से 1680 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल, 20 शीशी नशीली कफ सिरप और वारदात में इस्तेमाल की गई एक स्कूटी जब्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक जब्त दवाओं और वाहन की कुल कीमत करीब 1 लाख 3 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि चार युवक काले रंग की स्कूटी से प्रतिबंधित नशीली दवाएं लेकर अलग-अलग जगहों पर बेचने जा रहे हैं। सूचना मिलते ही सेमरिया पुलिस ने भमरा-कुशवार मार्ग पर भठिया के पास घेराबंदी की। जैसे ही संदिग्ध स्कूटी वहां पहुंची, पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। पुलिस को देखते ही चारों युवक भागने लगे, लेकिन टीम ने पीछा कर सभी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास मौजूद एक नीले रंग के झोले से 210 पत्तों में रखे 1680 प्रतिबंधित स्पास प्लस कैप्सूल और 20 बोतल ओनेरेक्स कफ सिरप बरामद हुई। पुलिस ने जब इन दवाओं के दस्तावेज मांगे तो आरोपी कोई वैध कागजात नहीं दिखा सके। पूछताछ में आरोपियों की पहचान राज सिंह निवासी दुवारी, उमेश सिंह निवासी कुशवार, अंकित सिंह निवासी कुशवार और पवन रावत निवासी सेमरिया के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपियों से करीब 15,588 रुपए कीमत के प्रतिबंधित कैप्सूल, 8 हजार रुपए की नशीली कफ सिरप और करीब 80 हजार रुपए कीमत की स्कूटी जब्त की। कुल मिलाकर करीब 1.03 लाख रुपए का सामान जब्त किया गया है।
चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद उनके परिजनों को सूचना दी गई और फिर सभी को कोर्ट में पेश किया गया।




