देवास में खातेगांव TI दिलीप पुरी की मौत के मामले में दोनों आरोपी पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हुए। शराब तस्करी के खिलाफ जांच और कार्रवाई जारी है।
-4.jpg&w=3840&q=75)
खातेगांव TI दिलीप पुरी की मौत के मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को अलग-अलग जगह गोली लगने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस के अनुसार, हिरासत से भागने की कोशिश के दौरान आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के हथियार छीनकर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में दोनों के दाहिने पैर में गोली लगी। मुख्य आरोपी गजेंद्र उर्फ अक्कू राठौड़ को देवास से प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है। सह आरोपी धीरज का इलाज देवास जिला अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक, धीरज को लेकर टीम कार्रवाई कर रही थी, तभी BNP थाना क्षेत्र में उसने पुलिस अभिरक्षा से भागने की कोशिश की। उसने पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और हमला करने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि चेतावनी के बावजूद वह नहीं रुका, इसलिए आत्मरक्षा में गोली चलाई गई। धीरज के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे देवास जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
मुख्य आरोपी गजेंद्र उर्फ अक्कू राठौड़ को अलीराजपुर से खातेगांव ले जाते वक्त पुलिस वाहन पंक्चर हो गया। पुलिसकर्मी पंक्चर ठीक कर रहे थे, तभी अक्कू ने एएसआई की बंदूक छीनकर फायरिंग की। जवाब में पुलिस ने गोली चलाई, जो उसके दाहिने पैर के निचले हिस्से में लगी। देवास जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे वैस्कुलर इंटरवेंशन के लिए इंदौर स्थित अरबिंदो अस्पताल भेजा गया।
1 और 2 नवंबर की दरमियानी रात TI दिलीप पुरी को अवैध शराब तस्करी की सूचना मिली थी। पुलिस के मुताबिक, उन्होंने कार्रवाई के दौरान आईसर चालक को नीचे उतरने के लिए कहा। चालक ने वाहन डिवाइडर पर चढ़ाकर आगे बढ़ा दिया और आईसर का पिछला पहिया TI के ऊपर से गुजर गया। करीब दो घंटे तक CPR और इलाज किया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। इसके बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया था।
TI की मौत के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने परिवार को एक करोड़ रुपए की सहायता और पत्नी को अनुकंपा नियुक्ति के तहत सब इंस्पेक्टर बनाने की घोषणा की। पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक में उन्होंने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा। मुख्यमंत्री ने पुलिस को तस्करी रोकने के लिए फ्री हैंड देने, जिलों में वाहनों की जांच और सीमावर्ती इलाकों में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।
अलीराजपुर के शराब कारोबारी केरम सिंह को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, TI को कुचलने वाले वाहन में शराब उसी की थी। देवास SIT ने हरदा के राहुल जायसवाल से भी पूछताछ की। राहुल ने पहले शराब दुकान अपने रिश्तेदार पाटन जायसवाल की बताई थी और इस मामले से जुड़ाव से इनकार किया था। हरदा में भारतेन्द्र जायसवाल से जुड़ी तीन दुकानों के लाइसेंस रद्द किए गए। सहायक जिला आबकारी अधिकारी अमरसिंह बघेल और दो आबकारी आरक्षक अरुण कुंभारे व कृष्णपाल सिंह डोडिया निलंबित किए गए। टिमरनी की दुकान सील की गई है। देवास SP आदित्य मिश्रा ने जांच के लिए SIT गठित की है।



-1.jpg&w=3840&q=75)




