MP crime News: सिंगरौली के चितरंगी में 24 वर्षीय युवक बल्लू यादव की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी फरार, पुलिस की दो टीमें तलाश में जुटी।
MP crime News: मध्यप्रदेश। सिंगरौली के चितरंगी में एक युवक की धारदार हथियार से हत्या का मामला सामने आया है। वर्दी गांव में शुक्रवार देर रात 24 वर्षीय बल्लू यादव पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी भी मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही चितरंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और फॉरेंसिक टीम की मदद से जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, अभी तक हत्या के पीछे की वजह सामने नहीं आ पाई है। वहीं आरोपी की पहचान भी नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।
चितरंगी एसडीओपी ललित बैरागी ने बताया कि मामले की जांच के लिए दो विशेष पुलिस टीम बनाई गई हैं। टीमें आरोपी की तलाश कर रही हैं और जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
घटना के बाद इलाके में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है और आसपास की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही हत्या के कारणों का पता लगाकर आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।




